मेक इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड के मूल मंत्र से ही विकसित होगा भारत का निर्माण:धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत करते हुए, इसे विकसित भारत निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम बताया है। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वाहन किया कि आगामी त्यौहारी सीजन में सभी स्वदेशी को प्राथमिकता देने का संकल्प लें। क्योंकि मेक इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड के मूल मंत्र से ही विकसित भारत का निर्माण होगा।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान का प्रदेश में आगाज किया है। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों के सम्मुख अभियान के लोगो और स्लोगन हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी को लॉन्च किया। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने इस अभियान को विकसित भारत निर्माण में महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही कहा, स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है। ये प्राचीन काल से सनातन संस्कृति की हमारी जीवन पद्धति है। “स्वदेशी का संकल्प” हमारे किसानों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति सम्मान है। “स्वदेशी का संकल्प” केवल आर्थिक मजबूती का साधन नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति हमारा प्रेम और समर्पण है। क्योंकि जब हम स्वदेशी अपनाते हैं तो हम न केवल अपने देश की मिट्टी से जुड़ते हैं, बल्कि अपनी अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

वहीं इस मुद्दे के ऐतिहासिक पक्ष की चर्चा करते हुए बताया कि स्वदेशी आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम में नई ऊर्जा भरी। लोकमान्य तिलक, महर्षि अरविंदो और महात्मा गांधी जैसे नेताओं का नेतृत्व हमें दिखाता है कि स्वदेशी आंदोलन राष्ट्रनिर्माण का आधार था। स्वतंत्रता के बाद भी दत्तोपंत ठेंगड़ी जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने स्वदेशी आधारित आर्थिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया।

कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत का आह्वान किया और “वोकल फॉर लोकल” से लेकर “मेक इन इंडिया” तक कई अभियान प्रारंभ किए। आज स्वदेशी का स्वरूप केवल खादी और दीयों तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस विमान, सेमीकंडक्टर, डिजिटल इंडिया और यूपीआई जैसी आधुनिक तकनीक तक फैल चुका है। कोविड संकट में PPE किट और वैक्सीन निर्माण भारत की स्वदेशी शक्ति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में हमने स्वदेशी की ताकत को पूरे विश्व को दिखा दिया।